
लखनऊ:बसपा संस्थापक कांशीराम का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मंडल स्तर पर मनाया जाएगाLucknow: BSP founder Kanshi Ram’s birthday will be celebrated with full enthusiasm at the Mandal level
बसपा त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को पूरी दमदारी से लड़ेगी। साथ ही बसपा संस्थापक कांशीराम का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मंडल स्तर पर मनाया जाएगा। इस संबंध में मंडलवार पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।
पार्टी सुप्रीमो मायावती ने मंडलवार मुख्य जोन इंचार्जों के साथ बैठक शुरू की। जानकारी के अनुसार पहली बैठक कानपुर, झांसी व चित्रकूट मंडल की हुई। इसमें पंचायत चुनावों को पूरी ताकत से लड़ने का निर्देश दिया गया।
2015 के पंचायत चुनाव में बसपा ने जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में शानदार सफलता हासिल कर लोगों को चौंका दिया था। पार्टी इस बार भी जिला पंचायत सदस्य के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। बताया गया है कि पार्टी द्वारा तय प्रत्याशियों का एलान मुख्य जोन इंचार्जों के स्तर से स्थानीय स्तर पर होगा।
बसपा संस्थापक कांशीराम का जन्मदिन मंडल स्तर पर मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में बसपा पदाधिकारी, सांसद-विधायक, एमएलसी व अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पंचायत चुनाव की घोषणा से ठीक पहले इस कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए मनाया जाएगा। लखनऊ व कानपुर मंडल का साझा कार्यक्रम लखनऊ में कांशीराम स्मारक ईको गार्डन में होगा। इस कार्यक्रम में मायावती भी शामिल हो सकती हैं।